किसान को अपनी जमीन बचाने की पड़े हैं लाले : जयंत चौधरी
मगोर्रा की किसान पंचायत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी ने भरी हुंकार

मथुरा। राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने मगोर्रा में राष्ट्रीय लोकदल के आह्वान पर किसान पंचायत में कहा कि मोदी जी के अथक प्रयासों से आज पेट्रोल ने शतक मार दिया है। किसान अपनी तकदीर खुद बनाता है, किसान के अंदर देश के प्रति जो पवित्र भावना है वह किसी और में नहीं होती। गोवर्धन क्षेत्र में सेना, पुलिस, पैरा मिलिट्री की भर्ती के लिए युवाओं में विशेष रूचि है। जोखिम जानते हुए भी युवा भर्ती इसलिए होते हैं कि हमारे लिए गर्व की बात होगी कि देश को आवश्यकता हो और हम अपनी छाती आगे कर दें। जयंत चौधरी ने कहा कि आज देश में किसान को खालिस्तानी, उपद्रवी कहकर अपमानित किया जा रहा है। ऐसा कभी लोकतंत्र में आजाद भारत में कभी नहीं हुआ। चौधरी चरण सिंह जी गरीब, गांव और किसान की बात करते भी थे और उनके लिए नीतिगत कार्य भी करते थे। इसीलिए उन्होंने नारा दिया था कि देश की खुशहाली का रास्ता गांव के खेत और खलिहानो से होकर गुजरता है। मोदी जी ऐसे मजबूत प्रधानमंत्री है जो किसानों से ही मुकाबला कर रहे हैं। जिस तरह से अंग्रेज “फुट डालो राज करो“ कि नीति पर कार्य करते थे वहीं रणनीति आज मोदी सरकार अपना रही है। रालोद प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह ने अपने सम्बोधन की शुरूवात देवी व कृष्णा जी का मंत्रोचारण कर की व कहा कि भाजपा द्वारा इस किसान आंदोलन को एक जाति विशेष की लड़ाई बताया जा रहा है,जो कि ग़लत है।