ट्रैक्टर चालक की मौत पर मचा बवाल ग्रामीणों ने फूंकी पुलिस चौकी
ग्रामीणों का आरोप पुलिस बसूली के चक्कर में गई चालक की जान

आगरा : थाना ताजगंज की तोरा चौकी क्षेत्र में बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों से मारपीट करने के साथ साथ चौकी में आगजनी कर पथराव किया। इससे समूचे क्षेत्र में दहशत फैल गई। बमुश्किल पुलिस फोर्स ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। मिली जानकारी के अनुसार घटना तोरा पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव करबना के समीप हुई। पवन नाम का ट्रैक्टर चालक बालू लेकर आ रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बालू भरी हुई थी। यह देखकर चालक ने ट्रैक्टर को दौड़ा दिया। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नाले में पलट गया, जिससे चालक पवन की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में गांव करबना के ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने बवाल कर दिया। पुलिसकर्मियों से मारपीट और पथराव किया। इसके बाद चौकी में आग लगा दी। बाहर खड़ी गाड़ियों को भी फूंक दिया। घटना की जानकारी पाकर सीओ सदर महेश कुमार तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आधा घंटे बाद बवाल शांत किया जा सका। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस वसूली के लिए ट्रैक्टर रोक रही थी। मृतक पवन की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। उधर, पुलिस आगजनी करने वाले लोगों को तलाश कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।