प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर सपाइयों का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

आगरा : उत्तर प्रदेश में हाल में बढ़े अपराध ग्राफ को लेकर समाजवादी पार्टी नेतृत्व के आह्वान पर आगरा में सपाइयों ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद बढ़ते अपराध पर विरोध जताते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने कहा कि प्रदेश में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे। अपराधी खुलेआम अपराध करते घूम रहे हैं। उत्तर प्रदेश का शासन प्रशासन हाथ बांधे बैठा है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कुछ जनप्रतिनिधि अपराधियों को अपने संरक्षण में पनाह दे रहे हैं। बलिया मे बेटी के साथ दुष्कर्म करने का मामला, ग्राम दुर्जनपुर में व्यापारी जय प्रकाश की दिनदहाड़े अधिकारियों के सामने हत्या आदि हाल ही के मामले हैं। लखीमपुर में विधायक ने महिला पुलिस सिपाही से अभद्रता की। भाजपा कार्यकर्ता को थाने में दिनदहाड़े छुड़ाकर ले गए। प्रदेश के राज्यपाल महामहिम से इस वर्तमान सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई है। प्रदर्शन के दौरान महासचिव पवन दौनेरिया, कोषाध्यक्ष सौरभ गुप्ता, उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा, मीना सविता, ममता टपलू, प्रवीण पालीवाल, निर्वेश शर्मा, मुकेश यादव आदि मौजूद थे।