पशु बाड़े पर कार्यवाही करना नगर निगम की टीम पड़ा मंहगा, हुआ हमला

आगरा-अवैध डेयरी पर कार्रवाई को पहुंची नगर निगम की टीम पर डेयरी संचालक और उसके साथियों ने हमला कर दिया। टीम कुछ समझ पाती तब तक उन्होंने पथराव कर दिया। पथराव में दो चालक और एक कर्मचारियों के चोट लग गई। पांच वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना के बाद नगर निगम की टीम वहां से वापस आ गई। न्यू आगरा थाने में हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अवैध डेयरी के संचालन रोकने के लिए नगर निगम की टीम दोपहर 2.30 बजे सहायक नगर आयुक्त अनुराग शुक्ला और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश शर्मा के नेतृत्व में कमला नगर के मुगल रोड पर पहुंची थी। टीम को वहां देखकर ही अवैध डेयरी संचालक कलुआ, खिल्लू और उसके साथियों ने पथराव शुरू कर दिया। आरोपितों के हमले से टीम में भगदड़ गई। वाहनों को खड़े छोड़कर टीम ने किसी तरह जान बचाई। पथराव में चालक भारत और वारिस के साथ ही कर्मचारी आदित्य पांडेय के भी चोट लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर वहां से भाग गए। चोटिल कर्मचारियों को पुलिस ने मेडिकल कराया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश शर्मा ने न्यू आगरा थाने में घटना के संबंध में तहरीर दी है। इसमें उन्होंने A4थराव कर सरकारी कार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति का नुकसान करने का आरोप लगाया है। उप निरीक्षक न्यू आगरा विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कलुआ, खिल्लू, समीर, फरीद व सद्दाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।