महिला की गला घोंटकर हत्या, शक के घेरे में जेठ

आगरा-थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के विद्या नगर में एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बीती शाम उसका शव घर में ही चारपाई पड़ा मिला। महिला का जेठ फरार है। उसका मोबाइल स्विच ऑफ है। पुलिस को जेठ पर हत्या का शक है। मूलरूप से मथुरा के बल्देव में कचनाऊ निवासी मुकेश अपनी 40 वर्षीय पत्नी पुष्पा और बड़े भाई राजपाल के साथ विद्या नगर में किराए के मकान में रहता था। मुकेश रविवार को डॉक्टर के पास गया था। घर में पुष्पा और राजपाल को छोड़कर गया था। शाम को वह घर लौटा तो पुष्पा चारपाई पर पड़ी मिली। उसकी जीभ निकल रही थी और सांसें थम चुकी थीं। भाई राजपाल घर से गायब था। उसने भाई को कॉल की तो उसने एक बार कॉल रिसीव कर ली। कुछ न बोलकर उसने कॉल डिसकनैक्ट कर दी। इसके बाद मोबाइल ही स्विच ऑफ कर लिया। मुकेश ने पुलिस को बुला लिया। आशंका है कि पुष्पा की गला दबाकर हत्या की गई है। राजपाल अविवाहित है। उसी पर हत्या का शक है। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि महिला की हत्या की आशंका है। घटना के बाद से गायब राजपाल की तलाश की जा रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का भी इंतजार है।