देह व्यापार ने ब्रज के पवित्र तीर्थाटन को लगाया बट्टा
तीन मामले सामने आने पर शर्मसार हुआ ब्रज का तीर्थाटन

मिशन इंडिया न्यूज़ संवाददाता-पवन शर्मा
मथुरा-शहर के चुनिंदा होटलों में और हाईवे के ढाबाओं में देह व्यापार की जो खबरें अब तक छन छन कर आती रहीं, उसकी पुष्टि पिछले सप्ताह पुलिस द्वारा की गई तीन सटीक कार्रवाई से हुई। अब एसएसपी ने स्पष्ट आदेश दिया है कि जनपद के हाइवे व अन्य रूटों के किनारे के ढाबों पर और शहर के होटलों पर छापे मारे जाएं। इनकी गोपनीय सूचनाएं प्राप्त की जाएं। यहां पनप रहे देह व्यापार के कारोबार को पूरी तरह खत्म करें। इसके लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस की नजर सबसे ज्यादा वृंदावन के बाहरी इलाके में बने नए होटलों और उन बंद आवासों पर है, जो बाहर के लोगों द्वारा यहां खरीद कर डाल दिए गये हैं। इसी तरह मथुरा दिल्ली हाईवे पर तमाम ढाबे हैं, उनकी भी चेकिंग होगी। एसएसपी गौरव ग्रोवर ने ब्रज में बाहर की कॉलगर्ल मंगाए जाने और उनके द्वारा यहां देह व्यापार का धंधा करने के तीन मामले सामने आने के बाद यह सख्त बरतने के निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों कोसीकला से आगे बठैन गेट के समीप जगन्नाथ ढाबे पर पुलिस ने सटीक छापा मारा था, जिसमें 5 पुरुष और 4 लड़कियां पकड़ी गई थीं।
सभी को देह व्यापार के आरोप में जेल भेज दिया गया। ढाबा संचालक किराए पर लेकर बसपा नेता के ढाबे को चलाता है। ढाबा संचालक एक कार सिर्फ लड़कियों को दिल्ली, आगरा, मथुरा व अन्य स्थानों से लाने ले जाने के लिए रखता है। इस धंधे से उसे अच्छी खासी कमाई होती है। इसी तरह मथुरा शहर के कुछ होटल बेहद बदनाम हैं। इन होटलों में बगैर आइडेंटिटी कार्ड लिए लड़कियों को और पुरुषों को किराए पर कमरा दिए जाते रहे हैं। दो दिन पूर्व सोंख अड्डे के समीप एक उद्योगपति के होटल में एक लड़की और दो लड़कों को पुलिस ने एक सटीक सूचना पर गिरफ्तार किया। लोगों को आश्चर्य तब हुआ जब उस नामी उद्योगपति के होटल में देह व्यापार चलता मिला। इसी तरह वृंदावन के बाहर होटलों में बंद पड़े आवासों में यह धंधा चल रहा है। एक लड़की ने छह पुरुषों के खिलाफ सामूहिक गैंगरेप की एफ आई आर भी कराई है। देह व्यापार के 3 मामले सामने आने पर समूचे ब्रज के तीर्थाटन को बदनामी झेलनी पड़ रही है।